भोपाल से ‘गुलाबी गैंग’ की 4 महिलाएं गिरफ्तार
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपूर। पत्रकारिता की आड़ में देश के आठ राज्यों के सरपंचों और ग्रामसेवकों को निशाना बनाकर कथित तौर पर लाखों रुपये की वसूली करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का नागपुर ग्रामीण पुलिस ने पर्दाफाश किया है. ‘गुलाबी गैंग’ के नाम से सक्रिय इस गिरोह का संचालन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से किया जा रहा था. पुलिस ने गिरोह की चार प्रमुख महिलाओं सहित कुल 39 महिलाओं को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिलाएं खुद को ‘दैनिक श्रेष्ठ न्यूज’ की प्रतिनिधि बताकर सरपंचों से विज्ञापन के नाम पर पैसे मांगती थीं. रकम देने से इंकार करने पर ग्राम पंचायत में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर खबर प्रकाशित कर बदनाम करने की धमकी दी जाती थी. पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने मंगलवार, 17 नवंबर को पत्रकार परिषद में इस कार्रवाई की जानकारी दी. इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अनिल मस्कडे भी उपस्थित थे.
पुलिस के अनुसार, इस रैकेट की प्रमुख महिलाओं में मोनिका लालसिंग सूर्यवंशी (28), नेहा लालसिंग सूर्यवंशी (23), अक्षरा मिलिंद अरक (21) और कोमल मोहन मोरे (23) शामिल हैं. मोनिका और नेहा को गिरोह की मुख्य संचालक बताया जा रहा है. ये सभी मध्य प्रदेश के राजगढ़ और भोपाल क्षेत्र की निवासी हैं. गिरोह के सदस्य सरकारी योजनाओं और ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों से संबंधित जानकारी ‘महापंचायत पोर्टल’ के माध्यम से जुटाते हैं. इस पोर्टल से सरपंचों के नाम और मोबाइल नंबर हासिल किए जाते थे. इसके बाद गिरोह में काम करने वाली करीब 35 बहुभाषी युवतियां अलग-अलग राज्यों के सरपंचों को फोन करती थीं. फोन पर खुद को समाचार पत्र की प्रतिनिधि बताकर विज्ञापन प्रकाशित करने के नाम पर पैसों की मांग की जाती थी. पैसे नहीं देने पर ग्राम पंचायत में कथित गड़बड़ियों को लेकर खबर छापने और सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की धमकी दी जाती थी. इस तरह पत्रकारिता की आड़ और समाचार प्रकाशित करने के अधिकार का डर दिखाकर कथित तौर पर वसूली की जा रही थी.
नागपुर जिले की महिला सरपंच भी बनी शिकार
जांच में सामने आया कि नागपुर जिले की सरपंच मीना सुरेशसिंग सूर्यवंशी को 11 अगस्त से 6 नवंबर के बीच एक महिला ने कई बार फोन किया. उसने खुद को ‘दैनिक श्रेष्ठ न्यूज’ की प्रतिनिधि बताते हुए विज्ञापन के लिए 3 हजार रुपये मांगे और ऑनलाइन भुगतान के लिए क्यूआर कोड भी भेजा. रकम देने से इंकार करने पर उनके खिलाफ खबर प्रकाशित करने की धमकी दी गई थी. इसी तरह जुनोना फूके की सरपंच प्रभा गोतमारे से भी इसी तरीके से ऑनलाइन 500 रुपये वसूले गए. पुलिस के अनुसार, अन्य महिला सरपंचों को भी खबर प्रकाशित करने की धमकी देकर निशाना बनाया गया था.
मुख्यमंत्री के सामने पहुंची शिकायत, आठ दिन में कार्रवाई
8 नवंबर को लोहारी सावंगा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में आयोजित बैठक के दौरान कई महिला सरपंचों ने इस गिरोह की शिकायत की थी. मुख्यमंत्री ने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए मौके पर मौजूद पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद नरखेड़ पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू हुई.
भोपाल में कॉल सेंटर बनाकर चलाया जा रहा था रैकेट
नरखेड़ पुलिस, स्थानीय अपराध शाखा और साइबर पुलिस की संयुक्त जांच में पता चला कि वसूली के लिए किए जाने वाले फोन भोपाल से संचालित हो रहे थे. इसके बाद स्थानीय अपराध शाखा के अंकुश माने और उनकी टीम ने भोपाल के हर्षवर्धन नगर, निशातुपुरा और एमपी नगर क्षेत्र में छापेमारी की. पुलिस को वहां कॉल सेंटर के रूप में संचालित कार्यालय मिले, जहां पिछले करीब एक वर्ष से 35 बहुभाषी युवतियां काम कर रही थीं. इन युवतियों के साथ ही गिरोह की चार प्रमुख महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया. आठ राज्यों के सरपंचों का डेटा 618 रजिस्टरों में दर्ज जांच में सामने आया कि गिरोह ने महाराष्ट्र के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के सरपंचों तथा ग्रामसेवकों की जानकारी जुटाई थी. इनके नाम और मोबाइल नंबर 618 रजिस्टरों में दर्ज किए गए थे.
गिरोह में शामिल युवतियां मराठी, हिंदी, अंग्रेजी, राजस्थानी और बिहारी सहित कई भाषाओं में बातचीत करने में सक्षम थीं. इसी वजह से अलग-अलग राज्यों के सरपंचों से उनकी स्थानीय भाषा में संपर्क किया जाता था. पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क में विशेष रूप से महिला सरपंचों को निशाना बनाया जा रहा था. आरोपियों के ठिकानों से 54 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 2 कंप्यूटर, 1 प्रिंटर, 618 रजिस्टर, छपे हुए लिफाफे और पर्चे, यस बैंक का स्कैनर, रसीद सिरुप तथा चेकबुक सहित कुल 7 लाख 29 हजार 260 रुपये का माल जब्त किया है. पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद ग्रामीण पुलिस ने महज आठ दिनों के भीतर इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया. मामले में आगे की जांच जारी है.















