सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) और आर. डी. टाटा ट्रस्ट (आरडीटीटी) ने टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ बृहस्पतिवार को बंबई उच्च न्यायालय में मुकदमा दायर किया। दोनों ट्रस्ट ने एन. चंद्रशेखरन को टाटा संस के कार्यकारी चेयरमैन के रूप में तीसरी बार पांच साल के लिए फिर से नियुक्त किए जाने को चुनौती दी है। अदालत इस मामले पर आज शुक्रवार को सुनवाई करेगी। एसडीटीटी ने 50 करोड़ रुपये, जबकि आरडीटीटी ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। दोनों ने इस रकम पर सालाना 18 प्रतिशत ब्याज भी मांगा है। मुकदमों के अनुसार, टाटा संस के निदेशक मंडल की 17 सितंबर की बैठक में चंद्रशेखरन को फिर से नियुक्त करने का प्रस्ताव पारित करने का निर्णय अवैध था, क्योंकि इसके लिए कंपनी के गठन के नियम के अनुच्छेद 121 के तहत जरूरी सकारात्मक मत नहीं मिले थे।
दोनों ट्रस्ट की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता जनक द्वारकादास ने बृहस्पतिवार को न्यायमूर्ति आरिफ डॉक्टर की एकल पीठ के समक्ष मुकदमों का उल्लेख करते हुए तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया। हालांकि, न्यायमूर्ति डॉक्टर ने कोई कारण बताए बिना मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया। इसके बाद मुकदमों का उल्लेख वैकल्पिक पीठ में बैठे न्यायमूर्ति अभय आहूजा के समक्ष किया गया। द्वारकादास ने अदालत को बताया कि टाटा संस के 30 नवंबर को होने वाली निदेशक मंडल की बैठक से पहले सुनवाई जरूरी है। न्यायमूर्ति आहूजा ने इसके बाद कहा कि याचिकाओं पर शुक्रवार को सुनवाई होगी। ट्रस्ट ने फिलहाल अदालत से अनुरोध किया है कि 30 नवंबर की निदेशक मंडल की बैठक में यदि नामित निदेशकों के बीच किसी मुद्दे पर मतभेद होता है, तो टाटा संस के चेयरमैन को निर्णायक मत (कास्टिंग वोट) का इस्तेमाल करने से रोका जाए। मुकदमों में ट्रस्ट ने निदेशक मंडल की बैठक पर रोक लगाने की मांग नहीं की है, बल्कि यह निर्देश देने का अनुरोध किया है कि चंद्रशेखरन अपने निर्णायक मत का इस्तेमाल न करें।
मुकदमों के अनुसार, टाटा संस के नियमों का अनुच्छेद 121 उन मामलों में निदेशक मंडल की बैठक के चेयरमैन को निर्णायक मत देने की अनुमति नहीं देता, जिनमें ट्रस्ट के नामित निदेशकों के बहुमत का सकारात्मक समर्थन जरूरी है। यह विवाद 17 सितंबर को निदेशक मंडल की बैठक में चंद्रशेखरन को पांच और वर्षों के लिए टाटा संस का कार्यकारी चेयरमैन फिर से नियुक्त किए जाने के बाद शुरू हुआ। मुकदमों में कहा गया है कि यह फैसला कंपनी के अंतर्नियमों के अधिकार क्षेत्र से बाहर था और अमान्य, गैरकानूनी तथा शून्य है। दोनों ट्रस्ट ने 17 सितंबर के बाद से भेजे गए पत्रों का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद बुधवार रात उच्च न्यायालय में मुकदमा दायर करने के प्रस्ताव पारित किए। नोएल टाटा की अध्यक्षता वाले टाटा ट्रस्ट के पास टाटा संस की करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है। ट्रस्ट ने स्थायी आदेश और निषेधाज्ञा जारी करने का अनुरोध किया है, ताकि टाटा संस, उसके निदेशक, अधिकारी और अन्य प्रतिनिधि 17 सितंबर के उस प्रस्ताव पर अमल न कर सकें, जिसके तहत चंद्रशेखरन को फिर से नियुक्त किया गया था।














