अमरावती जिले के दर्यापुर शहर के आनंद नगर क्षेत्र में एक अल्पवयीन लड़की पर घर में घुसकर जानलेवा हमला किए जाने से इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात युवक चेहरे पर रूमाल बांधकर लड़की के घर में घुसे और धारदार हथियार से उसके गले तथा हाथ पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल लड़की को तुरंत उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में खलबली मच गई है। खास बात यह है कि दो दिन पहले इसी क्षेत्र में एक युवक की निर्मम हत्या हुई थी, जिसके बाद अब इस नई घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित लड़की और उसकी मां ने दर्यापुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।












