जालना जिले में पेट्रोल और डीजल की भारी कमी के कारण किसानों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। डीजल की अनुपलब्धता से ट्रैक्टर, सिंचाई इंजन और खेतों में उपयोग होने वाली मशीनें बंद पड़ी हैं, जिससे खेती के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। भोकरदन तालुका के किसान विकास जाधव और नारायण लोखंडे ने तहसीलदार के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है।
किसानों का कहना है कि आगामी पंद्रह दिनों में बारिश शुरू होने वाली है और मिर्च की खेती तथा बुवाई का समय नजदीक है, लेकिन डीजल नहीं मिलने से खेती का काम ठप हो गया है। पेट्रोल पंप संचालक भी कैन में पेट्रोल और डीजल देने से मना कर रहे हैं, जिससे फवारणी पंप और अन्य उपकरण चलाना मुश्किल हो गया है। किसानों ने प्रशासन से खेती के लिए पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो तीव्र आंदोलन किया जाएगा।













