लखनऊ। त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने सीधे गेम में जीत दर्ज करके अपना खिताब बचाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया जबकि चार अन्य भारतीय महिला खिलाड़ियों ने भी बृहस्पतिवार को यहां सैयद मोदी इंडिया अंतरराष्ट्रीय सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अगस्त में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली त्रीसा और गायत्री की जोड़ी ने एकतरफा मुकाबले में श्रेया बालाजी और प्रणवी नटराजन की हमवतन जोड़ी को 21-9, 21-8 से हराया। महिला एकल में दूसरी वरीय तन्वी शर्मा, तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा, अनमोल खरब और तस्नीम मीर ने अलग-अलग अंदाज में जीत दर्ज करके अंतिम आठ में जगह बनाई। तन्वी ने एक गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए इंडोनेशिया की मुटियारा आयु पुस्पितासारी को एक घंटे आठ मिनट तक चले मुकाबले में 18-21, 21-18, 21-18 से हराया।
उन्नति ने अमेरिका की इशिका जायसवाल को 21-14, 21-18 से शिकस्त दी जबकि तस्नीम ने उलटफेर करते हुए छठी वरीयता प्राप्त स्कॉटलैंड की कर्स्टी गिल्मोर को 21-19, 21-15 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अनमोल ने दूसरे दौर के मुकाबले में इस साल कोरिया मास्टर्स का खिताब जीतने वाली अपनी हमवतन और पांचवीं वरीयता प्राप्त अश्मिता चालिहा को 21-16, 21-15 से हराया। पुरुष एकल के शुरुआती दौर में पांचवीं वरीयता प्राप्त जस्टिन होह को हराने वाले तुषार सुवीर ने क्वालीफायर शाश्वत दलाल को 21-14, 21-12 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने मेल कैटोएन और लुकास रेनोयर की फ्रांस की जोड़ी को 21-12, 22-20 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया। मिश्रित युगल में विराज कुवाले और रुतपर्णा पांडा ने फ्रांस के ग्रेगोइरे देशां और डेनमार्क की इबेन बर्गस्टीन की जोड़ी को 16-21, 21-13, 21-17 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। सात्विक रेड्डी कनापुरम और रेशिका उथायसूरियन की जोड़ी ने भी अपने हमवतन आयुष मखीजा और अनघा अरविंद को 22-20, 21-23, 21-14 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया।
हालांकि भव्या छाबड़ा और अदिति भट को कैलम हेमिंग और एस्टेल वान ल्यूवेन की इंग्लैंड की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी के खिलाफ 11-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। महिला युगल में अश्विनी भट के और शिखा गौतम की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने मान्या रहलान और रेशिका उथायसूरियन को 16-21, 21-12, 21-19 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अन्य मुकाबलों में आठवीं वरीय ईशारानी बरुआ को इंडोनेशिया की नी कादेक धिंदा अमल्र्त्य प्रतीवी ने 21-9, 9-21, 21-17 से हराया। तान्या हेमंत को मलेशिया की वोंग लिंग चिंग के खिलाफ 21-16, 13-21, 17-21 से हार मिली। रक्षित रामराज भी शीर्ष वरीय जापान की रिको गुनजी से 13-21, 19-21 से हारकर बाहर हो गई। पुरुष एकल में गिनपॉल सोन्ना ने फ्रांस के छठी वरीयता प्राप्त आर्नोड मर्कल के खिलाफ एक गेम जीता लेकिन उन्हें 5-21, 21-9, 5-21 से हार का सामना करना पड़ा।


















