नागपुर। चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो गया है और इसके असर से महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में मौसम का मिज़ाज बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 से 30 अक्टूबर के बीच मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई जिलों में अलर्ट भी जारी किया गया है।
आईएमडी के अनुसार विदर्भ के चंद्रपुर, गढ़चिरौली, वर्धा, वाशिम, यवतमाल, भंडारा, गोंदिया और नागपुर जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो सकता है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान गरज-चमक के साथ लगभग 40–50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने क्षेत्र में ‘येलो अलर्ट’ घोषित किया है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, नागपुर के वैज्ञानिक प्रवीण कुमार ने बताया कि चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और दक्षिण-पूर्व क्षेत्रों में तेजी से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से विदर्भ में आगामी तीन दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मौसम में यह बदलाव किसानों के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है, क्योंकि खरीफ फसलों के कटाई के इस मौसम में अचानक होने वाली बारिश फसलों को नुकसान भी पहुंचा सकती है। साथ ही नागरिकों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक बाहर निकलने से परहेज करें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
विदर्भ में मौसम के इस बदलते स्वरूप को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है और आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी तेज कर दी गई है।








