हाईवे पर देर रात हुआ बड़ा हादसा,घायल छात्रों का अस्पताल में उपचार जारी
कराड:नाशिक से कोकण की सैर पर गए छात्रों की निजी बस मंगलवार सुबह नाशिक लौटते समय कराड तालुका में भीषण हादसे का शिकार हो गई। वाठार गांव के पास राजमार्ग पर हुए इस हादसे में करीब 30 से 32 छात्र घायल हो गए हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, पिंपलगांव (जिला नाशिक) के छात्रों का समूह कोकण घूमने गया था। बताया जा रहा है, सैर समाप्त होने के बाद बस देर रात नाशिक के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस वाठार (ता. कराड) क्षेत्र में पहुंची चालक का सड़क पर नियंत्रण बिगड़ गया और बस राजमार्ग से नीचे गिर गई।
बताया जा रहा है की सड़क के निर्माण कार्य के कारण किनारे का हिस्सा काफी गहरा था, जिसकी दिशा में बस जाकर गिर पड़ी। बड़ी अनहोनी तो टल गयी, लेकिन बस में सवार कई छात्र घायल हो गए है। इनमें से चार छात्रों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही हाईवे पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सभी घायलों को उपचार के लिए उपजिला अस्पताल और कुछ को कृष्णा हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है।











