नागपुर:नागपुर में उद्धव ठाकरे गुट के नेता भास्कर जाधव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए चाय समारोह कार्यक्रम के बहिष्कार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया, लेकिन भेजे गए पत्र में उन्हें भास्कर जाधव, विधायक लिखा गया जबकि दोनों सदनों में विपक्ष के नेता का पद खाली रखा गया, जो संविधान के खिलाफ है।
भास्कर जाधव के अनुसार, लिखित नियम मांगने पर प्रधान सचिव ने स्पष्ट किया था कि विपक्ष का नेता उसी दल से होना चाहिए जिसके पास सबसे अधिक सदस्य हों, पर सरकार ने कार्यवाही पत्र में यह उल्लेख भी नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास बहुमत होते हुए भी वह “डरी हुई” है, क्योंकि शासन में भ्रष्टाचार और पाप बहुत है। वही, जाधव ने आगे कहा कि सत्ता पक्ष मत खरीदकर जीत हासिल कर रहा है और चुनाव के दौरान सत्ताधारी दल के नेता एक-दूसरे के पैसे पकड़ते थे।उन्होंने उपमुख्यमंत्री पद को भी संविधान से बाहर का पद बताते हुए सरकार पर राजनीतिक स्वार्थ का आरोप लगाया है।
विदर्भ अधिवेशन के दौरान जाधव ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र को एक रुपये का भी फंड नहीं दिया गया, जबकि सत्ताधारी दल के विधायकों के क्षेत्रों में हजारों करोड़ देकर 10–15% कमिशन निकालने की प्रवृत्ति चल रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए सरकार झूठे केस लगाती है, और किसी भी घटना पर मुख्यमंत्री व गृहमंत्री तुरंत “क्लीन चिट” देने में लगे रहते हैं। जाधव का आरोप था सरकार पाप छिपाने के लिए सबूत नष्ट करती है।जाधव ने कहा कि कांग्रेस के शासन में सभ्यता थी, लेकिन वर्तमान सरकार लोकशाही नहीं, मनुस्मृति चाहती है।” इसी कारण उन्होंने चाय समारोह कार्यक्रम का बहिष्कार करने का फैसला किया है.











