अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद साईचरणों में नतमस्तक
प्रसिद्ध अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद ने आस्था के प्रमुख केंद्र शिर्डी पहुंचकर श्री साईबाबा की पावन समाधि के दर्शन किए। शिर्डी आगमन के बाद उन्होंने साईबाबा की आरती में विधिवत सहभाग लिया और भक्ति भाव से साईनाथ के चरणों में नतमस्तक हुए। आरती के उपरांत सोनू सूद ने साईबाबा की पवित्र समाधि के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में सोनू सूद पूरी तरह श्रद्धा और आस्था में लीन नजर आए। दर्शन के दौरान उन्होंने शांत भाव से कुछ समय साईबाबा के समक्ष बिताया। इस दौरान मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं में उन्हें देखने को लेकर उत्सुकता रही, हालांकि सोनू सूद ने सादगी और विनम्रता के साथ सभी का अभिवादन स्वीकार किया। उनके दर्शन से मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण और अधिक गहरा हो गया।
दर्शन पश्चात श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडीलकर ने सोनू सूद का पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। ट्रस्ट की ओर से उनके सामाजिक कार्यों और मानवसेवा के प्रति समर्पण की विशेष रूप से सराहना की गई।
उल्लेखनीय है कि सोनू सूद फिल्मी दुनिया में अपनी सशक्त भूमिकाओं के साथ-साथ समाजसेवा के लिए भी व्यापक रूप से जाने जाते हैं। कोरोना महामारी के कठिन दौर में प्रवासी मजदूरों, जरूरतमंदों और पीड़ितों की मदद कर उन्होंने लाखों लोगों का दिल जीता। आज भी वे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर समाजसेवा से जुड़े हुए हैं।
शिर्डी यात्रा के दौरान सोनू सूद ने साईबाबा की शिक्षाओं—श्रद्धा और सबूरी—को जीवन में आत्मसात करने की बात कही। उनकी इस धार्मिक यात्रा ने शिरडी में श्रद्धालुओं के बीच एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश दिया।











