भव्य पालखी का श्रद्धालुओं ने किया स्वागत, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों में उमड़े भक्त
लोकवाहिनी, शहर प्रतिनिधि
नागपुर। परम पूज्य श्री प्रह्लाद महाराज (रामदासी) का पुण्यतिथि महोत्सव इस वर्ष भी नागपुर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। गुरुवार, 12 नवंबर से शुरू हुए इस तीन दिवसीय महोत्सव का समापन शनिवार, 14 नवंबर को होगा। शुक्रवार को परम पूज्य सदगुरु श्री प्रह्लाद महाराज उपासना केंद्र की ओर से महाराज की भव्य पालखी निकाली गई। पालखी को श्रद्धालुओं का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला। महाराज के जयघोष से पूरा पालखी मार्ग गूंज उठा। पालखी के स्वागत के लिए श्रद्धालुओं ने सड़कों के दोनों ओर बड़ी संख्या में उपस्थित होकर दर्शन किए।
पुण्यतिथि महोत्सव के अवसर पर समर्पित, दंडिगे ले-आउट, शंकरनगर (पूर्व) स्थित केंद्र में पिछले दो दिनों से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें काकड़ आरती, नामजप, भजन, उपासना, शेजारती, गोपालकाला और कुरवंडी सहित विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। श्रद्धालुओं ने मोहनबुवा कुबेर के गुलाल कीर्तन का भी आनंद लिया। इसके साथ ही सामूहिक जप, पवमान अभिषेक, विष्णुसहस्रनाम पाठ, नैवेद्य और महाप्रसाद का आयोजन भी किया गया।
14 नवंबर को होगा महोत्सव का समापन
शनिवार, 14 नवंबर को सुबह 5.45 बजे काकड़ आरती और कुरवंडी तथा सुबह 7.30 बजे गोपालकाला का आयोजन होगा। इसके साथ ही तीन दिवसीय पुण्यतिथि महोत्सव का समापन होगा। आयोजक मंडल ने श्रद्धालुओं से समापन समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर श्री महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
















