शहर में सुरक्षा व्यवस्था कढ़ी, आईबी के अधिकारियों ने की जांच
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। नागपुर महानगरपालिका (मनपा) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। धमकी में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कार्यक्रमों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। धमकी मिलने के बाद पुलिस और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) को अलर्ट कर दिया गया है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील स्थानों और संबंधित कार्यक्रमों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। फिलहाल धमकी की गंभीरता और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
शुक्रवार को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारियों का दल भी मनपा मुख्यालय पहुंचा और पूरे मामले का जायजा लिया। अधिकारियों ने आईटी विभाग के साथ ही कमांड एंड कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जानकारी ली। स्टीव स्मिथ नाम से भेजे गए ई-मेल के संबंध में तकनीकी जानकारी भी जुटाई गई। मनपा की आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज ई-मेल आईडी को खोलने और उसकी निगरानी की व्यवस्था सहित अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल की गई। मनपा मुख्यालय की नई इमारत के सभी हिस्सों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इतना ही नहीं, सभी विभागों के भीतर भी कैमरों से निगरानी की जाती है। ऐसे में किसी संदिग्ध वस्तु के रखे जाने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा जांच की गई।
महानगरपालिका के सामान्य प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त श्याम कापसे ने गुरुवार को ई-मेल के जरिए मिली धमकी के मामले में सदर पुलिस स्टेशन में मनपा के अतिरिक्त आयुक्त एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख मिलिंद मेश्राम के निर्देश पर यह शिकायत दर्ज कराई है। सदर पुलिस ने धारा 351 (4) के तहत अदखलपात्र मामला दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि महानगरपालिका प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर आयुक्त के नाम से दर्ज ई-मेल आईडी पर गुरुवार को धमकी भरा संदेश भेजा गया था। आईटी विभाग प्रमुख मिलिंद मेश्राम ने इस ई-मेल की जानकारी आयुक्त डॉ. विपिन के साथ ही पुलिस आयुक्तालय को भेजी थी। इसके बाद पुलिस ने मनपा मुख्यालय के कोने-कोने में सुरक्षा जांच की। श्वान दस्ते की मदद से भी परिसर का निरीक्षण किया गया।

















