डॉ. संजय पैठणकर विदर्भ गौरव पुरस्कार से सम्मानित
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि सेवा कोई पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। करुणा और संवेदनशीलता ही मानवता तथा समाज की वास्तविक बुनियाद हैं। प्रत्येक व्यक्ति को बिना किसी अपेक्षा और स्वार्थ के दूसरों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। शुक्रवार को डॉ. संजय पैठणकर को विदर्भ गौरव पुरस्कार प्रदान करने के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए भागवत ने कहा कि हम केवल अपनी आजीविका कमाने के लिए काम नहीं करते, बल्कि हमारा कार्य दुनिया और समाज को सुचारू रूप से चलाने में भी योगदान देता है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, डॉ. गिरीश गांधी और डॉ. वेदप्रकाश मिश्रा आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति से हमारा व्यक्तिगत संबंध हो या न हो, यदि वह संकट में है या किसी परेशानी से जूझ रहा है तो उसकी मदद करना हमारी मानवीय जिम्मेदारी है। हमें अपनी क्षमता के अनुसार उसका दुःख दूर करने का प्रयास करना चाहिए। ऐसा करते समय यह भाव नहीं होना चाहिए कि हम कोई असाधारण कार्य कर रहे हैं। यही सच्ची मानवता है।
पुरस्कार का उद्देश्य सेवा कार्यों को आगे बढ़ाना
भागवत ने कहा कि समाजसेवा करने वाले लोगों को पुरस्कार इसलिए नहीं दिए जाते कि वे सम्मान पाने के लिए काम करें। जिन लोगों को सम्मानित किया जाता है, उन्होंने कभी पुरस्कार या प्रसिद्धि की अपेक्षा से सेवा नहीं की होती। पुरस्कार उनके योगदान का सम्मान करने और उन्हें अपने कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने का माध्यम है। साथ ही इससे अन्य लोगों को भी समाजसेवा की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि करुणा मानवीय संवेदनशीलता की अभिव्यक्ति है। समाज केवल आर्थिक समृद्धि के आधार पर कायम नहीं रहता, बल्कि उसकी वास्तविक मजबूती आपसी संवेदना, सहयोग और भाईचारे में निहित है। यदि समाज में संवेदनशीलता बनी रहती है तो समाज भी मजबूत बना रहेगा। इसके समाप्त होने पर मानवता का अस्तित्व भी संकट में पड़ जाएगा।
पेशे के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूरी
भागवत ने भारतीय कार्य संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां किसी भी पेशे को केवल पैसा कमाने का माध्यम नहीं माना गया है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यवसाय और पेशे से जुड़े दायित्वों के साथ पारिवारिक जिम्मेदारियां निभानी चाहिए। इसके अलावा समाज के प्रति भी अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम जो काम करते हैं, उससे आजीविका अर्जित होना उसका एक अतिरिक्त परिणाम है। कार्य का वास्तविक उद्देश्य समाज की सेवा करना भी होना चाहिए।
मानवता और भाईचारा ही धर्म का आधार
धर्म की अवधारणा पर विचार व्यक्त करते हुए भागवत ने कहा कि धर्म का संबंध मानवता और भाईचारे से है। सत्य, करुणा, पवित्रता और आत्मसंयम इसके मूल गुण हैं। उन्होंने कहा, मानवता ही धर्म है और भाईचारा ही धर्म है। उन्होंने ईश्वर के सर्वव्यापी स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को यह भावना रखनी चाहिए कि ईश्वर उसके भीतर भी और दूसरों के भीतर भी। इस सोच से स्वाभाविक रूप से आपसी जुड़ाव, प्रेम और करुणा का भाव विकसित होता है। इस संदर्भ में उन्होंने गुरु और शिष्य का एक प्रसंग सुनाया। गुरु ने अपने शिष्य को ऐसी जगह जाकर फल खाने के लिए कहा, जहां उसे कोई देख न सके। शिष्य फल खाए बिना ही वापस लौट आया। उसने बताया कि उसे ऐसी कोई जगह नहीं मिली, क्योंकि उसका विश्वास था कि ईश्वर हर जगह मौजूद है और उसके भीतर भी विराजमान हैं।
दुबई के मॉल से नितिन गडकरी को लौटना पड़ा
दरअसल, गडकरी और डॉ. संजय पैठणकर एक मॉल में बैठकर सुकून से बातचीत करने पहुंचे थे, लेकिन लोगों ने दोनों को पहचान लिया और उनसे मिलने के लिए भीड़ जुट गई। ऐसे में दोनों की निजी बातचीत का प्लान अधूरा रह गया और उन्हें मॉल से बाहर निकलना पड़ा। इस दिलचस्प किस्से का खुलासा खुद नितिन गडकरी ने किया। डॉ. संजय पैठणकर के चिकित्सा एवं सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने दुबई में उनके प्रभाव और लोकप्रियता का उल्लेख किया। गडकरी ने बताया कि डॉ. संजय पैठणकर से उनकी पहचान वर्ष 1977 से है। जब भी वे दुबई जाते हैं, उनकी मुलाकात पैठणकर से होती है। एक बार दोनों ने दुबई के एक प्रसिद्ध मॉल में जाकर आराम से बातचीत करने का निर्णय लिया। उन्हें लगा कि वहां कोई उन्हें पहचान नहीं पाएगा और वे कुछ समय निजी तौर पर बिता सकेंगे। लेकिन मॉल पहुंचते ही स्थिति बदल गई। वहां मौजूद कई भारतीय नागरिकों ने गडकरी और पैठणकर को पहचान लिया। देखते ही देखते उनसे मिलने वालों की भीड़ जुट गई। लोगों के साथ मुलाकात और बातचीत के चलते दोनों के लिए एकांत में बैठना संभव नहीं रहा। आखिरकार उन्हें मॉल से बाहर निकलना पड़ा।
















