लोकवाहिनी, संवाददाता राजुरा। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के राजुरा में भीषण हादसा हुआ है। एक कार लगभग 50 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भीषण दुर्घटना राजुरा तहसील के सास्ती गांव के पास बीती रात करीब एक बजे के आसपास हुई। मृतकों में तीन महिलाएं और एक 12 वर्षीय बच्ची शामिल हैं।
सभी मृतक और घायल तेलंगाना राज्य के कागजनगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ये सभी नागपुर से वापस अपने घर कागजनगर लौट रहे थे। वे नागपुर में भर्ती अपने एक रिश्तेदार से मिलने गए थे और रात के समय अर्टिगा कार से लौट रहे थे।
राजुरा पुलिस थाना के इंस्पेक्टर सुमित परतकी ने बताया कि दुर्घटना रात करीब एक बजे हुई। सास्ती गांव के पास सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण सड़क के किनारे एक बड़ा गड्ढा बन गया था। आरोप है कि सड़क निर्माण स्थल पर किसी भी प्रकार के सुरक्षा संकेतक, बैरिकेड या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए थे। इसी वजह से चालक को गड्ढे का अंदाजा नहीं लग पाया और कार अनियंत्रित होकर फिसलते हुए सीधे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में मां-बेटी समेत कुल चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सलमा बेगम (45 वर्ष), अफसा शबरीन (12 वर्ष), अफजल बेगम (55 वर्ष) और सायरा बेगम (42 वर्ष) के रूप में हुई है। (पेज 6 पर)









