लोकवाहिनी, संवाददाता जावला म्रार। नांदेड़ जिले के जावला म्रार गांव में किसान परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। माता-पिता के शव घर में मिले, जबकि उनके दोनों बेटे रेलवे ट्रैक पर मृत मिले। पुलिस का अनुमान है कि यह सामूहिक आत्महत्या का मामला हो सकता है। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पूरा खुलासा होगा।
इस घटना के बाद पूरा गांव सदमे में है। एजेंसी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे पुलिस को मामले की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। इस दौरान 51 वर्षीय रमेश सोनाजी लाखे और उनकी पत्नी 44 वर्षीय राधाबाई के शव घर में एक चारपाई पर मिले। इसके बाद उनके बेटों 25 वर्षीय उमेश और 22 वर्षीय बजरंग के शव पास की रेलवे लाइन पर मिले।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसा लगता है कि वे तेज रफ्तार ट्रेन के सामने कूद गए। पुलिस इंस्पेक्टर दत्तात्रय मुठले ने कहा कि माता-पिता के शव घर में मिले, जबकि बेटों की मौत रेलवे ट्रैक पर हुई। उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक साइंस लैब टीम को सबूत जुटाने के मकसद से बुलाया गया है। मौत कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा। हालांकि यह मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।








