5 नामजद समेत प्रदर्शनकारियों पर मामला दर्ज
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। दिल्ली में शांतिपूर्ण धरना दे रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में महाराष्ट्र बंद के आह्वान के दौरान सीताबर्डी के संविधान चौक पर बिना अनुमति प्रदर्शन करने और पुलिसकर्मियों से धक्कामुकी करने के आरोप में पुलिस ने 5 नामजद आरोपियों समेत करीब 60 से 70 महिला-पुरुष कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस दौरान एक पुलिस उपनिरीक्षक के पैर में चोट लगने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को संविधान चौक पर प्रदर्शन के लिए अनुमति मांगी गई थी, लेकिन कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी मौके पर एकत्र होकर आंदोलन करने लगे। शुक्रवार को पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर सरकारी वाहन में बैठाने की कार्रवाई शुरू की।
आरोप है कि इसी दौरान मनोज सुटे के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ बहस और धक्कामुकी की। इस दौरान पुलिस उपनिरीक्षक विनोद तिवारी के साथ कथित तौर पर धक्कामुकी कर उनके पैर पर लात मारी गई, जिससे उन्हें चोट पहुंची। साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी विवाद कर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है। सीताबर्डी पुलिस ने पुलिस उपनिरीक्षक सतीश आनंदराव की शिकायत पर मनोज रामराव सुटे, अजय पुंडलिक सहारे, गौतम विठ्ठलराव पिल्लेवार, शुभम मनोहर वाहने और राजेश ज्ञानेश्वर गडपायडे समेत अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भान्यासं की विभिन्न धाराओं और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया है।










