नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और टैरिफ मुद्दों को लेकर नई दिल्ली-वाशिंगटन के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2025 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से आठ बार बात की है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 500 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दी है। बुधवार को अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर 500 फीसदी टैरिफ लगाने वाले बिल को मंजूरी दी है। इस बिल को पेश किए जाने के दूसरे दिन भारत ने अमेरिका को करारा जवाब दिया है। भारत सरकार ने साफ किया है कि बदलते ग्लोबल मार्केट हालात के बीच वह अपने 1.4 अरब लोगों के लिए किफायती ऊर्जा हासिल करने की जरूरत से निर्देशित है। विदेश मंत्रालय ने कहा, भारत की ऊर्जा नीति किसी दबाव में नहीं बदलेगी। हमारा ध्यान इस बात पर है कि भारत के लोगों को सस्ती ऊर्जा मुहैया कराई जाए।








