नागपुर। बजाजनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। क्रिकेट में अपना भविष्य बनाने का सपना देख रही 17 वर्षीय उभरती क्रिकेटर अदिति मोरेश्वर चौकांडे ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) की चयन प्रक्रिया में नाम नहीं आने से वह मानसिक तनाव में थी। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि उसका चयन नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे लक्ष्मीनगर स्थित जैन मंदिर के पास उमालक्ष्मी अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर यह घटना सामने आई।
सूचना मिलते ही बजाजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अदिति मूल रूप से अकोला की रहने वाली थी। वह पिछले दो वर्षों से अपनी मां के साथ नागपुर में रहकर सुर्वे क्रिकेट अकादमी में क्रिकेट का प्रशिक्षण ले रही थी। उसका सपना पेशेवर क्रिकेट में बड़ा मुकाम हासिल करना था। परिवार के अनुसार उसका भाई भी क्रिकेट खिलाड़ी है और दोनों भाई-बहन खेल के प्रति समर्पित थे।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हाल ही में हुई वीसीए चयन प्रक्रिया में नाम नहीं आने के कारण अदिति काफी निराश थी। मौके से बरामद सुसाइड नोट में भी उसने चयन नहीं होने का उल्लेख किया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि केवल सुसाइड नोट के आधार पर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बजाजनगर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी। इस घटना से खेल जगत और शहर में शोक की लहर है।












