नागपूर:नागपुर पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र सिंघल ने नागरिकों को नायलॉन मांजा उपयोग से बचने का कड़ा निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि नायलॉन मांजा न केवल लोगों के लिए बल्कि पक्षियों के लिए भी घातक है। इसको लेकर शहर में पूर्ण रूप से प्रतिबंध लागू किया गया है और पुलिस द्वारा बड़े पैमाने पर कार्रवाई की जा रही है।
पिछले कुछ वर्षों में नायलॉन मांजे से हुए कई हादसों और लोगों की मौतों को देखते हुए पुलिस ने शालाओं, महाविद्यालयों, नगरपालिका और अन्य विभागों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक डेढ़ से दो करोड़ रुपये मूल्य के नायलॉन मांजा और संबंधित सामग्री जब्त कर नष्ट की जा चुकी है।
आयुक्त सिंघल ने कहा कि हाईकोर्ट ने भी नायलॉन मांजा उपयोग पर स्पष्ट रोक लगाई है और इसका उल्लंघन गंभीर कानूनी परिणाम ला सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि पर्व और उत्सवों के दौरान भी नायलॉन मांजा का प्रयोग न करें, ताकि किसी का जीवन खतरे में न पड़े।
इस अभियान का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित रखना और पक्षियों के जीवन की रक्षा करना है। पुलिस लगातार चौकियों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी रख रही है ताकि प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित किया जा सके।








