लोकवाहिनी, संवाददाता नागपुर। मकर संक्रांति पर हर वर्ष होने वाली मौतों पर रोक लगाने के लिए पुलिस विभाग ने कमर कस ली है। 12 जनवरी को नागपुर के चौक-चौराहों पर वाहनों को मांझा रोधी फिल्म लगाई गई वहीं नागरिकों को गले पर लगाने हेतु स्कार्फ बांटे गए। पुलिस आयुक्त रवींद्र सिंगल पुलिस विभाग के अभियान में शामिल हुए और कहा कि संक्रांति को सुरक्षित रूप से मनाएं।
नागपुर में नायलॉन मांझा से होने वाली दुर्घटनाओं और जानलेवा हादसों पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष जनजागृति अभियान की शुरुआत की है। सोमवार दोपहर संविधान चौक पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र सिंगल, सह पुलिस आयुक्त सहित नागपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों पर विशेष एंटी नायलॉन मांझा फिल्म लगाए गए, जिससे चलते वाहन के दौरान गले और चेहरे को कटने से बचाया जा सके। साथ ही बाइक सवारों को सुरक्षा हेतु स्कार्फ भी वितरित किए गए।
नायलॉन मांझा पतंग उड़ाने में इस्तेमाल होता है, लेकिन यह राहगीरों और खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। इससे गले और शरीर पर गंभीर चोट लगने के साथ कई बार जान तक चली जाती है। इसी खतरे को देखते हुए पुलिस ने यह पहल की है।
अभियान का उद्देश्य नागरिकों को नायलॉन मांझा के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित करना है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नायलॉन मांझा का उपयोग न करें और दूसरों को भी इसके खतरों से अवगत कराएं। नागरिकों ने इस मुहिम का स्वागत करते हुए इसे समय की जरूरत बताया है।







