₹35 हजार की अंग्रेजी शराब पकड़ी गई
नागपुर में डॉग स्क्वाड की सतर्कता के चलते ट्रेन में अवैध रूप से ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब पकड़े जाने का मामला सामने आया है। यह कार्रवाई 22 जनवरी 2026 को नागपुर निरीक्षक के आदेशानुसार श्वान पथक नागपुर द्वारा की गई। आरक्षक विपिन सातपुते और आरक्षक नीरज कुमार ने श्वान ‘प्रिंस’ के साथ ट्रेन नंबर 16032 में आमला से नागपुर के बीच चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान सुबह करीब 08:02 बजे काटोल रेलवे स्टेशन पार करते समय कोच B-3 में सीट नंबर 47 के नीचे रखे एक संदिग्ध ट्रॉली बैग पर डॉग स्क्वाड ने संकेत दिया। इसके बाद बैग की जांच की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पूछताछ में यात्री ने अपना नाम डुन्ना मांसा, उम्र 22 वर्ष, निवासी श्रीकाकुलम, आंध्र प्रदेश बताया। उसके पास से कुल 13 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹35,580 बताई जा रही है।
जब्त शराब में रेड लेबल की 3 बोतलें, ब्लैक एंड व्हाइट की 4 बोतलें और 100 पाइपर्स की 6 बोतलें शामिल हैं। सभी बोतलें 750 एमएल की हैं। शराब को एक ट्रॉली बैग में छुपाकर ले जाया जा रहा था।
रेलवे और पुलिस प्रशासन ने शराब को जब्त कर लिया है और संबंधित यात्री के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब तस्करी पर सख्त नजर रखी जा रही है और आगे भी ऐसे चेकिंग अभियान जारी रहेंगे।









