तकनीकी जांच से आरोपी गिरफ्तार, सोना बरामद
नागपूर के हुळकेश्वर वाड़ी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में दर्ज घरफोड़ चोरी के मामले का डीबी पथक ने सफलतापूर्वक खुलासा किया है। इस प्रकरण में शिकायतकर्ता इस्माईल चंद्रकांत चांदेकर के घर से लगभग 48 ग्राम सोने के आभूषण चोरी हो गए थे। 11 जनवरी को दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
डीबी पथक के एपीआई रामटेके और उनकी टीम ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त जानकारी के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद साईम उर्फ मोहम्मद सुभान अंसारी और मोहम्मद खालिद उर्फ कमरुद्दीन अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 33 ग्राम सोने की लगड़ बरामद की है। इसके साथ ही चोरी के समय उपयोग में लाई गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस द्वारा शेष चोरी किए गए माल की बरामदगी की प्रक्रिया जारी है। दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस कस्टडी रिमांड में हैं और आगे की जांच जारी है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मोहम्मद साईम पर पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि मोहम्मद खालिद पर कोई पूर्व अपराध दर्ज नहीं है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में, जोन-4 की डीसीपी रश्मि राऊत, एसीपी नादेन हिवरे तथा डीबी पथक के अधिकारियों और कर्मचारियों के अथक परिश्रम से संभव हो पाई। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है।









