दमकल की कई गाड़ियां मौके पर, ऊंची लपटों से दहशत
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं, भारी नुकसान की आशंका
वसई-विरार में लगातार आग की घटनाओं से बढ़ी चिंता
वसई-विरार शहर में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बीच गुरुवार दोपहर एक और बड़ी दुर्घटना सामने आई। वसई-विरार के वसई पूर्व स्थित कामण क्षेत्र के एक सीरियल शूटिंग स्टूडियो में भीषण आग लग गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक ऊंची लपटें और धुएं के गुबार दिखाई दे रहे थे। स्टूडियो परिसर से उठती आग की लपटों ने आसपास के लोगों में दहशत फैला दी।
स्थानीय नागरिक एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। राहत की बात यह है कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि स्टूडियो के भीतर रखे गए महंगे उपकरण, सेट और अन्य सामग्री के बड़े पैमाने पर जलकर नष्ट होने की आशंका जताई जा रही है।
पिछले कुछ दिनों में वसई-विरार क्षेत्र में आग की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे नागरिकों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।








