आरपीटीएस चौक पर कार ने बाइक को मारी टक्कर
हादसे में दो महिलाएं घायल, एक की हालत गंभीर
आरोपी चालक गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी
उपराजधानी नागपुर एक बार फिर लापरवाह और नशे में वाहन चलाने की घटना से दहल उठी। शहर के आरपीटीएस चौक पर तेज रफ्तार कार ने एक दुचाकी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दो महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आरपीटीएस चौक पर भरधाव गति से आ रही मारुति सुजुकी बलेनो कार ने सामने जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मारी। बाइक पर तृप्ति खंडेलवाल और ओस खरे सवार थीं और अपने घर लौट रही थीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आवाज दूर तक सुनाई दी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक कपिल मल्होत्रा शराब के नशे में था। हादसे के बाद वह भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में बजाज नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हादसे में तृप्ति खंडेलवाल के पैर में फ्रैक्चर हुआ है और उनका एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, ओस खरे को हल्की चोटें आई हैं। इस घटना के बाद शहर में एक बार फिर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।











