सरल भाषा और जीवन दर्शन से सजी पुस्तक
रिश्तों, संवाद और समाधान पर केंद्रित प्रेरक कृति
नागपुर:01 मार्च 2026 को वरिष्ठ राजस्व अधिकारी संजय अग्रवाल की दूसरी पुस्तक “F 5 : जिंदगी का रिफ्रेश बटन” का भव्य विमोचन सुभाष स्कूल सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व आईएएस, रिटायर्ड अपर मुख्य सचिव एवं वर्तमान निर्वाचन आयुक्त मनोज श्रीवास्तव ने की। विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ सुधीर आज़ाद, वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ संजय मेहता एवं वरिष्ठ लेखिका कमल चंद्रा उपस्थित रहीं।
पुस्तक के विमोचन के पश्चात सुहास मिश्रा ने पुस्तक का परिचय देते हुए कहा कि “संजय अग्रवाल को समझना और उनकी किताब को समझना एक ही बात है—सहज, सरल और हवा के झोंके की तरह।” कमल चंद्रा ने पुस्तक के विभिन्न अंशों का वाचन कर उनकी व्याख्या की और रचना की सराहना की। डॉ संजय मेहता ने अपने उद्बोधन में पुस्तक की भाषा-शैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि क्लिष्ट शब्दों के स्थान पर सरल भाषा का प्रयोग इसे पाठकों के लिए प्रेरणादायक बनाता है। उन्होंने ‘F5’ को पांच इंद्रियों के संदर्भ में भी रोचक ढंग से परिभाषित किया।
डॉ सुधीर आज़ाद ने कहा कि पुस्तक में रिश्तों के साथ संवाद और समाधान की स्पष्ट अभिव्यक्ति है, जो इसकी सबसे बड़ी सफलता है। लेखक के पिता आर. बी. अग्रवाल ने अपने पुत्र की मेहनत की सराहना की, वहीं मामा श्री मुन्ना लाल अग्रवाल ने गर्व व्यक्त किया। पत्नी शालिनी अग्रवाल ने भावुक होकर कहा कि संजय जी हर कार्य पूरे जुनून से करते हैं और उन्हें निरंतर लेखन के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने पुस्तक की तुलना फोटोग्राफिक लेंस से करते हुए कहा कि यह ज्ञान का प्रकाश मन में प्रवेश कराती है। उन्होंने ‘रिफ्रेश’, ‘अपडेट’ और ‘Alt’ जैसे बटनों को आधुनिक जीवन के प्रतीक के रूप में समझाया। कार्यक्रम का संयोजन बृजेश रावत ने तथा संचालन डॉ अल्पना वर्मा ने किया।








