छह वारदातों का खुलासा, लाखों का माल बरामद
मध्यप्रदेश तक पहुंची जांच, आभूषण और वाहन जब्त
नागपुर पुलिस के घरफोड़ विरोधी दल ने एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता प्राप्त की है। आरोपी की पहचान संदीप खेमचंद टेमरे, निवासी शिवनी, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वह नागपुर शहर में पुनः किसी वारदात की फिराक में आने वाला है। सूचना के आधार पर मानकापुर रिंग रोड क्षेत्र में जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने नागपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छह अपराध करना स्वीकार किया। इनमें गिट्टीखदान और कोराडी थाना क्षेत्रों में दो-दो घरफोड़ की घटनाएं, मानकापुर थाना क्षेत्र में एक वाहन चोरी तथा सक्करदरा थाना क्षेत्र में एक अन्य वाहन चोरी का मामला शामिल है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी के आभूषण मध्यप्रदेश के शिवनी में विभिन्न व्यक्तियों को बेचता था।
तपास दल ने शिवनी जाकर संबंधित व्यक्तियों से सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। साथ ही वारदात में प्रयुक्त क्रेटा चारपहिया वाहन तथा चोरी की मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। कुल मिलाकर 19 लाख 91 हजार रुपये मूल्य का माल बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। अन्य थाना क्षेत्रों को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु सूचित किया गया है।








