स्विट्जरलैंड के क्रैंस मोंटाना (Crans-Montana) शहर के अल्पाइन स्की रिसॉर्ट में गुरुवार को न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान विस्फोट हुआ। न्यूज मीडिया ‘द मिरर’ ने लोकल मीडिया के हवाले से बताया कि विस्फोट में 40 लोग मारे गए हैं, जबकि 100 से ज्यादा घायल हैं। स्विट्जरलैंड पुलिस ने गुरुवार को स्थानीय समय के मुताबिक सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें बताया कि विस्फोट रिसॉर्ट के ‘कॉन्स्टलेशन बार’ में रात 1:30 बजे हुआ। हालांकि पुलिस ने मरने वालों की संख्या नहीं बताई, लेकिन कहा कि कई दर्जन लोगों की मौत की आशंका है, जिनमें कई देशों के नागरिक शामिल हैं।
फिलहाल क्रैंस मोंटाना शहर को ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित कर दिया गया है। पुलिस और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुटी हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल झुलसे हुए मरीजों से भर गए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे वाली जगह ‘क्रैंस मोंटाना’ एडवेंचर गेम्स के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध टूरिस्ट प्लेस इंटरलाकन से करीब 100 किमी की दूरी पर है। वहां पैराग्लाइडिंग, स्कीइंग और ट्रेकिंग के लिए दुनियाभर के लोग पहुंचते हैं। थुन और ब्रिएंज झील के बीच बसे इंटरलाकन से आल्प्स माउंटेन रेंज के आइगर, मोंक और जुंगफ्राउ पर्वतों तक आसानी से पहुँचा जा सकता है।








