रविनगर क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा पर हमला, इलाज के दौरान मौत
लोकवाहिनी संवाददाता
अमरावती। शहर के रविनगर क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक 17 वर्षीय कॉलेज छात्रा की हत्या से सनसनी फैल गई. बियाणी साइंस कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष में पढ़ने वाली शर्बरी गणेश हाडके पर कॉलेज से घर लौटते समय हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल शर्बरी की उपचार के दौरान मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे एकतरफा प्रेम का संदेह जताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि आरोपी मूर्तजापुर का रहने वाला है.
दोपहर करीब 1 बजे शर्बरी कॉलेज से घर लौट रही थी, तभी आरोपी ने कथित तौर पर उसका रास्ता रोका और उस पर चाकू से हमला कर दिया. घटना के दौरान ऑटो चालक विनय काले और यात्री राहुल इंगोले ने हस्तक्षेप कर छात्रा को बचाने का प्रयास किया. हमले में शर्बरी गंभीर रूप से घायल हो गई. लोगों की भीड़ जमा होने पर आरोपी मौके से दोपहिया वाहन पर फरार हो गया. विनय काले और राहुल इंगोले ने घायल शर्बरी को तत्काल ऑटो से रिम्स अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
अस्पताल के डॉ. वानखेड़े ने घटना की जानकारी तत्काल राजापेठ पुलिस को दी. शर्बरी सामान्य परिवार से थी. उसके पिता गणेश हाडके होर्डिंग लगाने का काम करते हैं. परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटा भाई है. इकलौते बेटी की मौत से हाडके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की सूचना मिलते ही राजापेठ पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भी आक्रोश देखा गया और रिम्स अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा शुरू कर दिया है. फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.













