पिल्ले ने पुलिस प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
लोकवाहिनी, संवाददाता
कन्हान-पिपरी। कन्हान-पिपरी क्षेत्र में घरेलू गंदा पानी तथा मटन-चिकन मार्केट से निकलने वाला मांस, हड्डियां, रक्त मिश्रित गंदगी और दूषित पानी बिना किसी प्रक्रिया के सीधे कन्हान नदी में छोड़े जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इससे नदी का पानी प्रदूषित हो रहा है और नदी के पानी पर निर्भर नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ-साथ जलीय जीवों एवं पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शिवसेना के नागपुर ग्रामीण उपजिला प्रमुख वर्धराज पिल्ले ने कन्हान-पिपरी पुलिस स्टेशन की पुलिस निरीक्षक वैजयंती मंडवधरे को लिखित शिकायत सौंपकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने नदी में दूषित पानी छोड़ने वाले संबंधित व्यक्तियों के साथ ही इस मामले की अनदेखी करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों को भी जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
शिकायत में महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल (एमपीसीबी) तथा संबंधित प्रशासनिक विभागों से मामले की गहन जांच कराने और नदी प्रदूषण रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई है। साथ ही जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1974 तथा अन्य लागू कानूनों के तहत दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग भी की गई है। विशेष बात यह है कि इस समस्या को लेकर पहले भी चिकित्सा अधिकारी, नगर परिषद कन्हान-पिपरी के मुख्याधिकारी तथा महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय को कई बार लिखित ज्ञापन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अब पुलिस प्रशासन के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।
वर्धराज पिल्ले ने कहा कि नदी का प्रदूषण रोकना और नागरिकों के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण की रक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्रशासन इस मामले में तत्काल ठोस कदम उठाए तथा नागरिकों के स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाले इस कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे। इस अवसर पर शिवसेना शहर प्रमुख गजानन गोरले, महिला आघाड़ी अध्यक्ष मनीषा चिखले, रामटेक विधानसभा चिकित्सा सहायता कक्ष प्रमुख शरद वाटकर, उपशहर प्रमुख प्रदीप गायकवाड, निर्मला करंडे, विभाग प्रमुख माया तितरमारे, पूजा सुगंधे, विमला बोकसे, प्रतिमा पौनीकर, दिशा पाटिल, स्नेहलताई राणे, शालूताई रौंद्रे, उर्मिला तितरमारे, विना हूड, गुंडेशय ठाकरे, धीरज शेंडे, चेतन जयपुरकर, राहुल पाटिल, विजय खेरगडे, शशांक घोगले, मनीष नंदेश्वर, प्रशांत स्वामी सहित शिवसेना के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।















