रेडी रेकनर दरों में बदलाव से गरीब और मध्यमवर्ग को राहत
दिल्ली दौरे में चंद्रपुर के विकास कार्यों को मिला केंद्र का समर्थन
नागपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे ने कुंभार समाज के लिए राज्य सरकार द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े कुंभार परिवारों को अब प्रतिवर्ष 700 ब्रास तक मिट्टी तथा विद्युत उत्पादन केंद्रों से निकलने वाली राख उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए सभी पात्र परिवारों का पंजीकरण कर उन्हें पहचान पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही सरकारी भूमि, जलसंधारण एवं मालगुजारी तालाबों से भी आवश्यकतानुसार उपयुक्त मिट्टी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
बावनकुळे ने कहा कि राज्य सरकार ने रेडी रेकनर दरों में भी ऐतिहासिक सुधार किया है। अब माइक्रो ज़ोन प्रणाली लागू होने से बड़ी इमारतों और सामान्य नागरिकों के छोटे घरों के लिए अलग-अलग दर निर्धारित किए जाएंगे, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत मिलेगी।
इस अवसर पर चंद्रपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने अपने दिल्ली दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने दस से अधिक केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राष्ट्रीय आयोगों के अध्यक्षों से मुलाकात की। चंद्रपुर की सैनिक स्कूल विस्तार योजना, विज्ञान केंद्र, रिंग रोड निर्माण तथा जिले के अन्य विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से जिले के विकास को लेकर सकारात्मक सहयोग और समर्थन प्राप्त हुआ है, जिससे आगामी समय में चंद्रपुर एवं विदर्भ क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।











