ईरान की चेतावनी- अमेरिका के प्रस्ताव पर समय से फैसला लेंगे
तेल अवीव, एजेंसी:ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी आईआरजीसी ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी कि होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी तेल टैंकरों या कमर्शियल जहाजों पर कोई भी और हमला इस क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों और जहाजों पर जोरदार हमला करने की वजह बनेगा।
आईआरजीसी के नौसेना कमांड ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अगर फारस की खाड़ी या होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी तेल टैंकरों और व्यापारिक जहाजों पर फिर हमला हुआ, तो अमेरिकी ठिकानों और सैन्य जहाजों पर भारी हमला किया जाएगा। इसके बाद आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स ने अलग पोस्ट में दावा किया कि हमारी मिसाइलें और ड्रोन पहले ही अमेरिकी ठिकानों और दुश्मन जहाजों पर लॉक हो चुके हैं और अब सिर्फ हमला करने के आदेश का इंतजार है। यह चेतावनी तब आई है जब एक दिन पहले ही यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड ने कहा था कि अमेरिकी नौसेना बलों ने ओमान की खाड़ी में ईरान के खिलाफ चल रहे नाकाबंदी अभियानों के तहत ईरान के झंडे वाले दो तेल टैंकरों को निष्क्रिय कर दिया।
वहीं, वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने 14 पॉइंट वाला ड्राफ्ट तैयार किया है, जिस पर ईरान के जवाब का इंतजार है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने कहा है कि अमेरिकी प्रस्ताव अभी समीक्षा के दौर में है और सही समय पर इसका जवाब दिया जाएगा। हम अमेरिका की समय सीमा नहीं मानते। ईरान अपना काम अपने तरीके से करेगा। वहीं ईरान के सैन्य अधिकारियों ने कहा है कि अब “रणनीतिक धैर्य” का समय खत्म हो गया है।
मतलब, अगर किसी ने ईरान के हितों या उसके तेल टैंकरों पर हमला किया, तो ईरान सख्त जवाब देगा। रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के तटीय इलाकों और तेल टैंकरों पर हुए हमलों के बाद देश की सेना पूरी तरह अलर्ट पर है। ईरानी सेना के प्रवक्ता ने कहा कि अगर दुश्मन ने हमला किया, तो उसे नए हथियारों और नई युद्ध रणनीति का सामना करना पड़ेगा। दुश्मनों को बड़ा सरप्राइज मिलेगा। ईरान ने उन देशों को भी चेतावनी दी है जो अमेरिका के साथ मिलकर उस पर प्रतिबंध लगा रहे हैं। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि ऐसे देशों को होर्मुज से गुजरने में दिक्कत हो सकती है।









