जामसांवली/सौसर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रसिद्ध चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर (हनुमान लोक) जामसांवली में आस्था का महासंगम देखने को मिला। पर्व की पूर्व संध्या से ही मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का लगातार आगमन जारी है। मंदिर परिसर, दर्शन मार्ग और आसपास का पूरा क्षेत्र भक्तों से खचाखच भर गया है। अनुमान है कि गुरु पूर्णिमा के मुख्य दिवस पर तीन लाख से अधिक श्रद्धालु हनुमान दादा के दर्शन-पूजन के लिए जामसांवली पहुंचे। हनुमान दादा को अपना गुरु मानने वाले श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। घंटों तक कतारों में इंतजार करने के बावजूद भक्तों की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं है। पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और जयकारों का वातावरण बना हुआ है।
मंदिर संस्थान और जिला प्रशासन ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर संस्थान के अध्यक्ष गोपाल शर्मा तथा जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग, सुरक्षा बलों की तैनाती, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। मानसून को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर के समीप श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए विशाल वाटरप्रूफ पंडाल बनाया गया है, जहां बैठने, पेयजल, प्रकाश और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
पहली बार रेलवे स्टेशन से शुरू हुई निःशुल्क बस सेवा
इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर संस्थान ने पहली बार सौसर रेलवे स्टेशन से जामसांवली हनुमान लोक तक निःशुल्क बस सेवा प्रारंभ की है। रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। इस नई पहल की श्रद्धालु सराहना कर रहे हैं। वहीं, गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या से ही मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन भी शुरू हो गया था जहां हजारों श्रद्धालुजनों ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर संस्थान के स्वयंसेवकों के साथ विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन सेवा कार्यों में पूरे समर्पण के साथ जुटे हुए हैं।













