नागपुर। कान्हा के जन्मोत्सव के आते ही शहर भक्ति और उल्लास में डूबने लगा है। मंदिरों से लेकर गली मोहल्लों तक श्रीकृष्ण के स्वागत की तैयारियां हो चुकी हैं। जन्माष्टमी पर कहीं बाल गोपाल की लीलाएं मन मोहेंगी, कहीं राधा-कृष्ण की झांकियां सजेंगी। भजन-कीर्तन से लेकर दही हांडी और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं तक उत्सव के अलग-अलग रंग दिखाई देंगे। आधी रात कान्हा के जन्म के साथ आरती, भोग और प्रसाद से वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
इस्कॉन जन्माष्टमी महामहोत्सव आज
गांधी सागर के पास स्थित इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (आईएससीकेएन) का नागपुर केंद्र, श्रीश्री राधा गोपीनाथ मंदिर में 4 सितंबर को सुबह 11 बजे से महामंत्र तक मंदिर परिसर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महामहोत्सव का आयोजन किया गया है। इस्कॉन नागपुर ने भक्तों से श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में बड़ी संख्या में भाग लेने और भगवान श्री कृष्ण के जन्म को भक्ति और उत्साह के साथ मनाने की अपील की है।
6 सितंबर को दही हांडी उत्सव में शामिल होंगे मुन्ना भैया
दही हांडी उत्सव धर्मपेठ के लक्ष्मी भवन चौक पर शाम 4 बजे से आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन पश्चिम नागपुर स्थित भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा किया जा रहा है। 6 सितंबर को दही हांडी उत्सव में बॉलीवुड अभिनेता दिव्येंदु शर्मा, जो हिट सीरियल मिर्जापुर में ‘मुन्ना भैया’ के नाम से मशहूर हैं मुख्य आकर्षण होने की उम्मीद है। आयोजकों ने निवासियों और श्रद्धालुओं को इस उत्सव में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।
शुभ संयोग में जन्माष्टमी आज, घर-घर विराजेंगे कान्हा
उपराजधानी में भाद्रपद कृष्ण अष्टमी व रोहिणी नक्षत्र के सुयोग में शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पावन पर्व जन्माष्टमी मनायी जायेगी। गृहस्थजन, सनातन धर्मावलंबी आज शुभ योगों के सुयोग में जन्माष्टमी का व्रत रखकर अपने कान्हा का जन्मोत्सव मनाएंगे। शहर में सुबह से देर रात तक जन्माष्टमी की धूम रहेगी। शुक्रवार की रात 12 बजते ही भगवान धरती पर अवतरण लेंगे और पूरा शहर ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’, ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ से गूंज उठेगा। जन्माष्टमी को लेकर गुरुवार की राजधानी की कई प्रमुख मंदिरों की भव्य सजावट की गयी।
भव्य श्रीकृष्णा जन्मोत्सव शोभायात्रा 6 को, 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की ओर से नागपुर शहर में इस वर्ष भी श्री कृष्ण जन्मोत्सव बड़े उत्साह, भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। विहिप की स्थापना वर्ष 1964 में श्रीकृष्णा जन्माष्टमी के पावन अवसर पर हुई थी। इसी ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार जन्माष्टमी के पावन पर्व पर एक भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा का आयोजन किया गया है। विश्व हिंदू परिषद की यह भव्य शोभायात्रा रविवार 6 सितंबर को नागपुर शहर में निकाली जाएगी। हर वर्ष इस आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं, लेकिन इस वर्ष का आयोजन बेहद खास है। हिंदू समाज के महान प्रेणास्रोतः रहे स्वर्गीय अशोक जी सिंघल की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर इस शोभायात्रा को और अधिक व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार 60 हजार से अधिक लोग इस धार्मिक अनुष्ठान का हिस्सा बनेंगे। शोभायात्रा के दौरान पूरा नागपुर शहर कृष्णमय नजर आएगा। भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठेगा। मार्ग में श्रद्धालुओं के बीच गोविंद बोलो, हरि गोपाल, श्रीकृष्ण हरे मुरारी तथा हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की जैसे गगनभेदी नारे गूंजेंगे। विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने धर्मप्रेमियों और सकल हिंदू समाज के लोगों से इस भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा में भारी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है












