कई राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून के इंतजार को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरल पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत, दक्षिण भारत और कई अन्य क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने 1 से 7 जून के बीच कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक, तेज हवाओं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के मुताबिक अरब सागर और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के ऊपर मौसमी परिस्थितियां लगातार मजबूत हो रही हैं। इसके चलते अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरल पहुंचने की संभावना जताई गई है। मानसून के आगमन के साथ केरल, माहे और लक्षद्वीप में 1 से 5 जून के दौरान व्यापक बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं 3 से 7 जून के बीच केरल और माहे में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा की भी संभावना है।
दक्षिण भारत में बारिश का जोर बढ़ेगा
तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और कर्नाटक के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं।
महाराष्ट्र और गुजरात में राहत की उम्मीद
कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात के कुछ हिस्सों में अगले सप्ताह बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसके कारण महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। गुजरात में भी 3 जून के बाद तापमान में कमी दर्ज की जा सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
मानसून की सक्रियता का सबसे ज्यादा असर पूर्वोत्तर भारत में देखने को मिलेगा। अरुणाचल प्रदेश में 1 जून और फिर 2 से 7 जून तक भारी बारिश की संभावना है। असम और मेघालय में 4 से 7 जून के बीच भारी वर्षा हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 1, 6 और 7 जून को भारी बारिश का अनुमान है। लगातार बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की आशंका भी बढ़ सकती है। (पेज 6 पर)













