मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र में हो रही थी तस्करी, भिवापुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टीम की संयुक्त कार्रवाई
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। ग्रामीण पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए २.००३ किलोग्राम अफीम के साथ दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अफीम, दो वाहन, नकदी और पांच मोबाइल फोन सहित कुल ३० लाख ६५ हजार ५०० रुपये का माल जप्त किया गया है। यह कार्रवाई १५ नवंबर को भिवापुर पुलिस और नागपुर ग्रामीण पुलिस की मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाई टीम ने संयुक्त रूप से की।
पुलिस के अनुसार, नागपुर ग्रामीण पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टीम बुटीबोरी परिसर में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि मध्य प्रदेश और राजस्थान पासिंग के बोलेरो पिकअप तथा इकोस्पोर्ट वाहनों से अफीम की अवैध तस्करी की जा रही है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की तलाश शुरू की। इस दौरान भela-सारशी मार्ग पर दोनों संदिग्ध वाहन दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन चालकों ने रफ्तार बढ़ाकर भिवापुर की दिशा में भागना शुरू कर दिया। इसके बाद भिवापुर पुलिस की मदद से दोनों वाहनों का पीछा किया गया और नांदा गांव के पास उन्हें रोक लिया गया।
पंचों की मौजूदगी में वाहनों की तलाशी लेने पर इकोस्पोर्ट कार की डिक्की से अफीम के दो पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने मौके से पवन सत्यनारायण उर्फ कालिदास पाटीदार (३०) और लोकेशकुमार सत्यनारायण उर्फ कालिदास पाटीदार (३२) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के नीमच जिले की जावद तहसील के बसेड़ीभाटी गांव के निवासी और सगे भाई हैं। जांच में सामने आया कि पवन इकोस्पोर्ट कार चलाकर अफीम की तस्करी कर रहा था, जबकि उसका भाई लोकेश बोलेरो पिकअप से आगे चलकर रास्ते की निगरानी करता था। वह पायलट वाहन के रूप में काम कर रहा था और आगे रास्ता साफ होने की जानकारी देता था।















