नागपुर के गणेशपेठ थाना क्षेत्र में दर्ज एक गंभीर अपराध में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीडित कि माँ ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 11 वर्षीय पुत्री को एक युवक लगातार परेशान कर रहा था।
आरोपी की पहचान जैद मुमताज शेख के रूप में हुई है, जो निजामुद्दीन कॉलोनी क्षेत्र का निवासी बताया गया है। शिकायत के अनुसार आरोपी पिछले लगभग दो वर्षों से नाबालिग बच्ची का पीछा कर रहा था और कई बार उसे डराने-धमकाने की कोशिश कर चुका था। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने एक बार चाकू दिखाकर उसके साथ अनुचित व्यवहार करने का दबाव भी बनाया, जिससे बच्ची भयभीत हो गई थी और उसने प्रारंभ में यह बात परिवार से साझा नहीं की थी।
कल रात, जब बच्ची एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रही थी, तब आरोपी ने फिर से उसका पीछा किया। बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पोक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पीड़िता को सुरक्षा प्रदान की गई है तथा डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से ऐसे मामलों में तुरंत सूचना देने की अपील की है।










