लक्ष्य : पत्रकार परिषद में शहर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक तत्पर एवं नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए नागपुर पुलिस ने व्यापक ‘एक्शन प्लान’ तैयार किया है। वाहन चोरी, घरफोड़ियाँ, शरीर संबंधी अपराध, चेन स्नैचिंग, साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, अवैध कारोबार, यातायात व्यवस्था तथा आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील ने मंगलवार को आयोजित पत्रकार परिषद में पुलिस की आगामी रणनीति स्पष्ट की।
सिविल लाइंस स्थित पुलिस भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित पत्रकार परिषद में नागपुर शहर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अपराध होने के बाद केवल जांच करना ही पुलिस का उद्देश्य नहीं रहेगा, बल्कि अपराध होने से पहले ही उसे रोकने के लिए प्रतिबंधात्मक पुलिसिंग, तकनीक, सीसीटीवी, गश्त, नाकाबंदी और अपराधियों के रिकॉर्ड के विश्लेषण का प्रभावी इस्तेमाल किया जाएगा।
अपराध दर कम करने का मानस
पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील ने कहा कि नागपुर जैसे लगभग 40 लाख की आबादी वाले बड़े शहर की कानून-व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी करीब 9 हजार पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों पर है। सीमित पुलिस बल के बावजूद आधुनिक तकनीक, बेहतर नियोजन और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागपुर शहर में अपराध कम करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के साथ ही गंभीर मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और नागरिकों के बीच विश्वास और मजबूत करने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।
साइबर अपराध के खिलाफ विशेष अभियान
डिजिटल युग में साइबर अपराध पुलिस के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभरे हैं। ऑनलाइन आर्थिक धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, डिजिटल फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों की रोकथाम तथा जांच को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साइबर अपराधों की जांच में तकनीकी विशेषज्ञता और डिजिटल साक्ष्यों का अधिक प्रभावी इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए साइबर सुरक्षा के प्रति जनजारगण अभियान चलाने पर भी जोर रहेगा।
महिला और बाल सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की रणनीति में विशेष प्राथमिकता रखी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने, छेड़छाड़ तथा महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर तत्काल कार्रवाई करने और निर्भया दस्ते को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। बच्चों से जुड़े मामलों में पॉक्सो कानून के तहत प्रभावी जांच और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
चेन स्नैचिंग और सड़क अपराधों पर शिकंजा
शहर में चेन स्नैचिंग और सड़क पर होने वाले अपराधों को रोकने के लिए पुलिस गश्त, नाकाबंदी और संदिग्धों की जांच बढ़ाएगी। सीसीटीवी नेटवर्क और तकनीकी साधनों की मदद से अपराधियों की पहचान और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस का प्रयास रहेगा कि अपराध होने के बाद आरोपी तक पहुंचने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों की पहले ही पहचान कर अपराध को टाला जा सके।
अवैध कारोबार और हुक्का पार्लर पर कार्रवाई जारी
शहर में अवैध कारोबार, हुक्का पार्लर तथा कानून का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अपराध को बढ़ावा देने वाले अवैध कारोबार पर नियंत्रण रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।












