नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने मंगलवार को इस साल के राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी। इस साल भी खिलाड़ियों और कोचों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार और मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 28 अक्टूबर 2025 है।
खेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि डोपिंग उल्लंघन में सजा पाए खिलाड़ी तभी पुरस्कार के पात्र होंगे जब उनकी सजा की अवधि समाप्त हो चुकी हो। निलंबन या सजा के दौरान की उपलब्धियों को नहीं माना जाएगा। वहीं, जिन खिलाड़ियों के खिलाफ जांच लंबित है, उन्हें भी पुरस्कार के योग्य नहीं माना जाएगा।
आवेदन की छंटनी भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के संयुक्त सचिव (खेल), निदेशक या उप सचिव (खेल) और खेल विभाग के कार्यकारी निदेशक (टीमें) द्वारा की जाएगी। मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय खेल महासंघों और SAI की रिपोर्ट के आधार पर ही वैध आवेदनों को चयन समिति के सामने रखा जाएगा।
प्रमुख पुरस्कार और राशि:
- मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार: 25 लाख रुपये नकद, पदक और प्रशस्ति पत्र
- अर्जुन पुरस्कार: 15 लाख रुपये नकद
पात्रता के लिए खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए जाने वाले वर्ष से पहले चार वर्षों (1 जनवरी 2021 – 31 दिसंबर 2024) की अवधि में ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, विश्व कप, विश्व चैंपियनशिप और अन्य अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना आवश्यक है।
मंत्रालय ने ऑनलाइन आवेदन की सुविधा प्रदान की है। योग्य खिलाड़ी, कोच और अन्य संबंधित उम्मीदवार www.dbtyas.sports.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
इस साल के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन यह राष्ट्रपति भवन में आयोजित होगा।








