पश्चिम एशिया संकट और यूक्रेन युद्ध पर बोले पीएम मोदी
ओस्लो, एजेंसी:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में तनाव के माहौल के बीच नई दिल्ली के भू-राजनीतिक रुख को मजबूती से रेखांकित किया। उन्होंने सोमवार को पश्चिम एशिया संकट और यूक्रेन युद्ध के तत्काल समाधान के लिए संवाद और कूटनीति की पैरवी की। प्रधानमंत्री ने कहा कि एकतरफा सैन्य कार्रवाई से स्थायी शांति हासिल नहीं की जा सकती है। स्वीडन से ओस्लो पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने अपने नॉर्वे के समकक्ष जोनस गाहर स्टोर के साथ बैठक की। इसके बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री नॉर्वे के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नॉर्वे के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, ‘रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ के ‘ग्रैंड क्रॉस’ से सम्मानित किया गया। यह प्रधानमंत्री को प्राप्त हुआ 32वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट का ग्रैंड क्रॉस नॉर्वे का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार है, जिसकी स्थापना 1985 में राजा ओलाव पंचम ने की थी। यह पुरस्कार विदेशी और नॉर्वेजियन नागरिकों को नॉर्वे और मानवता के हित में उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। ऑर्डर ऑफ मेरिट को पांच श्रेणियों में विभाजित किया गया है: ग्रैंड क्रॉस, ग्रैंड ऑफिसर, कमांडर, ऑफिसर और नाइट। नॉर्वे के शाही परिवार की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्राप्तकर्ता की पदोन्नति या मृत्यु की स्थिति में ऑर्डर का प्रतीक चिन्ह ऑर्डर की परिषद को लौटा दिया जाता है।











