लोकवाहिनी, संवाददाता:पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार को सगाई समारोह में जा रहे मेहमानों से भरा एक टेम्पो मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक से टकरा गया जिसके कारण 13 लोगों की मौत हो गई जबकि 25 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हादसा दहानू तालुका के धानीवारी गांव के पास शाम करीब चार बजे हुआ जब 50 से अधिक यात्री एक आयशर टेम्पो में सवार होकर बापूगांव खड़कोपाड़ा गांव के निवासी बालाराम जयराम दांडेकर नामक व्यक्ति के सगाई समारोह में जा रहे थे।
कासा थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अमर पाटिल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, भीषण हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हुई और 20 अन्य घायल हुए हैं। घायलों को कासा उप जिला अस्पताल और आसपास के अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।” पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो व कंटेनर दोनों पलट गए और कई यात्री वाहनों के नीचे फंस गए। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला है कि टेम्पो में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे और तेज रफ्तार, सड़क का संकरा हिस्सा और टेम्पो चालक द्वारा वाहन पर से नियंत्रण खो देना हादसे के मुख्य कारण माने जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि पांच यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि 8 अन्य ने बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, लिहाजा मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।











