राज्यपाल से मिले, सरकार बनाने का दावा पेश किया
लोकवाहिनी, संवाददाता:कोलकाता। सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री बनेंगे। कोलकाता में कन्वेंशन सेंटर में आयोजित विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया। बैठक के बाद अमित शाह ने उनके नाम का ऐलान किया। इसके बाद सुवेंदु राजभवन में राज्यपाल से मिले और सरकार बनाने का दावा पेश किया। सुवेंदु कल सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, शाह समेत एनडीए के कई बड़े नेता शामिल होंगे। बैठक के बाद शाह ने कहा, आठ प्रस्ताव प्राप्त हुए, और उन सभी में केवल एक ही नाम था। दूसरे नाम के लिए पर्याप्त समय दिया गया, लेकिन कोई दूसरा नाम प्रस्तावित नहीं किया गया। इसलिए, मैं शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री घोषित करता हूं। अधिकारी की पदोन्नति से पश्चिम बंगाल में भाजपा की विधानसभा चुनावों में शानदार जीत के बाद पहली भाजपा सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
पूरे देश से घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालेंगे : शाह
कोलकाता। भाजपा विधायक दल की बैठक में अमित शाह ने कहा कि मैं आप सभी को, जिनमें बंगाल के अगले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी शामिल हैं, बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि हिंसा और धमकियों की कई घटनाएं हुई हैं, लेकिन बंगाल चुनाव में लोगों ने भाजपा पर भरोसा जताया है। शाह ने कहा- भाजपा का वादा है कि बंगाल की जनता को कि न सिर्फ बंगाल, पूरे देश से हम एक-एक घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालेंगे। ये ध्रुवीकरण का मुद्दा नहीं है। ये देश की सुरक्षा का मुद्दा है। बंकिम बाबू के परिवार से बहन सुमित्रा चट्टोपाध्याय हमारे साथ जुड़ी हैं। सबसे बड़ी बात ये है कि वंदे मातरम् के 150वें साल में बंकिम बाबू की धरती पर हमें सरकार बनाने का मौका मिला।








