लोकवाहिनी, एजेंसी:नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में पहले चरण के मतदान से 48 घंटे पहले अब मंगलवार को चुनाव प्रचार थम गया है। तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होना है। वहीं बंगाल में पहले चरण की 152 सीट पर वोटिंग होगी। चुनाव प्रचार थमने के बाद किसी भी तरह की सार्वजनिक रैलियों और राजनीतिक प्रचार अब उम्मीदवार नहीं कर सकेंगे।
तमिलनाडु की सभी सीटों पर होगा मतदान
तमिलनाडु में एक साथ सभी 234 सीटों पर मतदान होगा। इस बार राज्य में कुल 4,023 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस बार सभी की निगाहें राज्य के चर्चित अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK पर भी है। राज्य की कई सीटों पर TVK को काफी समर्थन मिल रहा है। इस चुनाव में कुल 5.73 करोड़ मतदाता अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे।
तमिलनाडु में 4,023 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला द्रमुक (DMK) और अन्नाद्रमुक (AIADMK) गठबंधन के बीच है। कई सीटों पर अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK त्रिकोणीय मुकाबले में है। मतदान को बढ़ावा देने और 100 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, चुनाव आयोग ने राज्य भर में व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किए हैं।
बंगाल में 152 सीटों पर होगा पहले चरण का मतदान
बंगाल की 152 सीटों पर पहले चरण का मतदान होना है। 4 मई को सभी चुनावी राज्यों की काउंटिंग की जाएगी। इस बार पश्चिम बंगाल में 2 चरण में मतदान होना है। पहले चरण में कुल 1,478 प्रत्याशी मैदान में हैं। करीबन 3 करोड़ 60 लाख 77 हजार 171 मतदाता अपने मत का उपयोग करेंगे। इन मतदाताओं में 1 करोड़ 75 लाख 77 हजार 210 महिलाएं हैं। इस बार चुनावी प्रचार में महिलाओं से जुड़ा मुद्दा प्रमुखता से सभी पार्टियों ने उठाया है।








