ठाणे (महाराष्ट्र)। ठाणे जिले के भिवंडी तालुका में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ खेत में काम करते समय कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया गया और फिर निर्ममता से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना मंगलवार दोपहर की है, जब महिला खेत पर गई थीं। काफी समय बीत जाने पर जब वह वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई। इस बीच, मृतका के बेटे ने खेत की ओर जाते समय तीन संदिग्धों को भागते हुए देखा। मौके पर पहुँचने पर महिला अचेत अवस्था में पड़ी मिली। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गणेशपुरी पुलिस थाने की टीम, ठाणे ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिनव मित्तल और उप-विभागीय अधिकारी राहुल झाल्टे के साथ घटनास्थल पर पहुंची। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल भेज दिया गया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतका के गले में पहने सोने के आभूषण (करीब 5-6 तोला) जस के तस मिले, जिससे साफ है कि हत्या का मकसद लूटपाट नहीं था। पुलिस ने इस आधार पर अपराध की असली वजह और आरोपियों की पहचान पर फोकस बढ़ा दिया है।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कमलेश बच्छाव ने पुष्टि की,
“बलात्कार और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।”
इस जघन्य घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया है। लोगों ने मांग की है कि दोषियों को जल्द पकड़ा जाए और कड़ी से कड़ी सज़ा दी जाए।
समाजसेवी और एडवोकेट किरण चन्ने ने कहा—
“यह घटना दिखाती है कि अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं। पुलिस को तत्काल सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”
फिलहाल, पुलिस मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आरोपी को पकड़ने में जुटी है। यह मामला फिर एक बार राज्य में महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करता है।










