लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। देश की राजधानी दिल्ली में चल रहे आंदोलन की आंच अब पूरे देश में फैल गई है और विपक्षी दलों ने भी इसमें सक्रिय भागीदारी दिखाई है। दिल्ली पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज के बाद केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी बढ़ गई है। शिवसेना (ठाकरे गुट) प्रमुख उद्धव ठाकरे कल दिल्ली जाएंगे। वहीं वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) ने 23 जुलाई को महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया है। जंतर-मंतर और संसद परिसर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और कार्रवाई के विरोध में तथा छात्रों के समर्थन में वीबीए प्रमुख प्रकाश आंबेडकर ने महाराष्ट्र बंद की घोषणा की है। उन्होंने समान विचारधारा वाले दलों, छात्रों और समाज के सभी वर्गों से बंद का समर्थन करने की अपील की है। इसके चलते दिल्ली आंदोलन और छात्रों पर कार्रवाई को लेकर महाराष्ट्र में भी विरोध प्रदर्शन तेज होने की संभावना है। अहिल्यानगर के आंबेडकरवादी कार्यकर्ताओं ने भी जंतर-मंतर आंदोलन के समर्थन में जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। बारिश के बावजूद प्रदर्शन जारी रहा।












