लोकवाहिनी, संवाददाता |उमरेड। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल उमरेड जिला की ओर से शहर के भिसी नाका चौक में देश में बढ़ते जा रहे लव जेहाद, जमीन जेहाद, धर्मांतरण जेहाद एवं कॉर्पोरेट जेहाद के विरोध में आंदोलन किया गया। आंदोलनकारियों के अनुसार, हाल ही में नासिक में एक आईटी कंपनी में जेहाद मानसिकता के एक विशिष्ट समाज के सुशिक्षित लोगों द्वारा हिंदू लड़कियों का जबरन धर्मांतरण करने का मामला सामने आया है। साथ ही अमरावती जिले के परतवाड़ा में एक विशेष वर्ग के युवक द्वारा 180 हिंदू लड़कियों को लव जेहाद कर फंसाया गया। उनके 350 से ज्यादा अश्लील वीडियो एवं फोटो वायरल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे पूरे देश में खलबली मची हुई है।
इसी तरह कई हिंदू लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर शारीरिक शोषण किए जाने की खबरें रोजाना अखबार की सुर्खियां बन रही हैं। हिंदू लड़कियों के धर्मपरिवर्तन नहीं करने पर ये जेहादी उनकी हत्या कर रहे हैं। इस मामले से देशभर के हिंदू समाज में जबरदस्त आक्रोश है। विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल जेहादी मानसिकता के लव जेहाद, जमीन जेहाद, धर्मांतरण जेहाद एवं कॉर्पोरेट जेहाद के खिलाफ पूरे देश में राष्ट्रव्यापी आंदोलन कर रहे हैं। इसी कड़ी में उमरेड जिले में भी निषेध आंदोलन किया गया।
इस संदर्भ में तहसीलदार प्रेमकुमार आडे को लव जेहाद, जबरन धर्मांतरण के बारे में कड़ा कानून देश में लागू करने की मांग संबंधी ज्ञापन विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, मातृशक्ति एवं सकल हिंदू समाज की ओर से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम दिया गया। प्रतिनिधिमंडल में उमरेड जिला अध्यक्ष गणेश खोडके, विहिप उमरेड जिला मंत्री संदेश समर्थ, विहिप जिला सहमंत्री राजकुमार अहिरवार, जिला बजरंग दल संयोजक रुद्र पटले, जिला सहसंयोजक खुशाल कुबडे, सहसंयोजिका अनुश्री यावलकर, जिला धर्मप्रसार प्रमुख अजय मोहोड़, उमरेड प्रखंड मंत्री नागेश भिवंकर, अध्यक्ष सचिन रहाटे, प्रखंड संयोजक शेखर रोडे, जिला गोरक्षा प्रमुख अजय पाटने, प्रखंड प्रमुख सुदर्शन शेरकी सहित विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति उमरेड जिले के कार्यकर्ता उपस्थित थे।








