लोकवाहिनी संवाददाता:नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा शुक्रवार को घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में एमबीबीएस स्नातक अनुज अग्निहोत्री ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। राजश्री शाह और आकाश ढल्ल ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है। 180 छात्रों का चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लिए किया गया है।
अग्निहोत्री ने चिकित्सा विज्ञान को वैकल्पिक विषय के रूप में चुनकर परीक्षा में सफलता हासिल की। उन्होंने राजस्थान के जोधपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) से एमबीबीएस (बैचलर ऑफ मेडिसिन एंड बैचलर ऑफ सर्जरी) की उपाधि प्राप्त की है। चेन्नई की अन्ना विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (EEE) में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (BE) की डिग्री प्राप्त करने वाली राजश्री ने समाजशास्त्र को अपने वैकल्पिक विषय के रूप में चुनकर दूसरा स्थान हासिल किया। दिल्ली विश्वविद्यालय से वाणिज्य स्नातक (B.Com) की उपाधि प्राप्त करने वाले आकाश ने वाणिज्य और लेखाशास्त्र को अपने वैकल्पिक विषय के रूप में चुनकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंतिम रूप से सफल उम्मीदवारों में शीर्ष पांच में एक महिला और चार पुरुष उम्मीदवार शामिल हैं।
राघव झुनझुनवाला और ईशान भटनागर ने क्रमशः चौथा और पांचवां स्थान प्राप्त किया है। दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक (BA) की डिग्री हासिल करने वाले झुनझुनवाला ने अर्थशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में चुनकर चौथा स्थान प्राप्त किया। दिल्ली के राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय से बीए एलएलबी (ऑनर्स) की डिग्री हासिल करने वाली भटनागर ने समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में चुनकर पांचवां स्थान प्राप्त किया।
शीर्ष 25 उम्मीदवारों में 11 महिलाएं और 14 पुरुष शामिल हैं। आयोग ने बताया कि कुल 958 उम्मीदवारों (659 पुरुष और 299 महिलाएं) ने परीक्षा में सफलता हासिल की है और उन्हें विभिन्न केंद्रीय सिविल सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है। उसने कहा कि 348 अनुशंसित उम्मीदवारों की उम्मीदवारी को अस्थायी रखा गया है।
सिविल सेवा परीक्षा यूपीएससी द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) सहित अन्य सेवाओं के अधिकारियों के चयन के लिए प्रतिवर्ष तीन चरणों – प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार – में आयोजित की जाती है। सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2025 पिछले वर्ष 25 मई को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए कुल 9,37,876 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 5,76,793 उम्मीदवार वास्तव में परीक्षा में शामिल हुए थे। अगस्त 2025 में आयोजित लिखित (मुख्य) परीक्षा में शामिल होने के लिए कुल 14,161 उम्मीदवार सफल हुए। इनमें से 2,736 उम्मीदवार व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) के लिए चुने गए। यूपीएससी अध्यक्ष अजय कुमार ने ‘X’ (ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, “यूपीएससी ने आज CSE 2025 के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए हैं।”










