लोकवाहिनी संवाददाता:तेल अवीव/तेहरान। अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का 11वां दिन भी जारी रहा। इस बीच पेंटागन में पत्रकारों से बात करते हुए अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि आज रात में ईरान पर सबसे जोरदार हमले होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 24 घंटों में ईरान ने अब तक की सबसे कम मिसाइलें दागी हैं। अमेरिकी सेना के जनरल डैन कैन ने जानकारी दी कि ईरान के खिलाफ यह सैन्य अभियान अब 11वें दिन में पहुँच गया है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की सैन्य क्षमताएं कमजोर हो रही हैं और वह बुरी तरह हार रहा है।
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को चेतावनी देने के बाद कि यदि वह हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से तेल आपूर्ति को रोकने का प्रयास करता है तो उसे भीषण सैन्य जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा, अमेरिका और ईरान के बीच तीखी बयानबाजी छिड़ गई है।
ईरान का यूएई की सबसे बड़ी ऑयल रिफाइनरी पर हमला
ईरान ने मंगलवार को यूएई की राजधानी अबू धाबी में सबसे बड़ी ऑयल रिफाइनरी पर हमला किया, जिससे वहाँ आग लग गई। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, हमला रुवाइस (Ruwais) इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स पर हुआ, जिसके बाद उसे बंद कर दिया गया है। हालाँकि, इसमें किसी के घायल होने की खबर नहीं है। रुवाइस, अबू धाबी शहर से करीब 240 किलोमीटर पश्चिम में अल धफरा क्षेत्र में स्थित है। यह जगह पहले एक छोटा-सा तटीय इलाका था, लेकिन अब यह यूएई के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा और औद्योगिक केंद्रों में से एक बन चुका है।









