सफलता:तीसरे सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्री बने
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 12 जुलाई 2026 तक वो राज्य के तीसरे सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के प्रमुख शरद पवार के कुल कार्यकाल को पीछे छोड़ दिया है। फडणवीस ने राज्य की राजनीति में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आंकड़ों के अनुसार फडणवीस ने अब तक तीन अलग-अलग कार्यकालों में कुल लगभग 6 साल 7 महीने यानी 2,430 दिन मुख्यमंत्री पद पर सेवा दी है। वहीं शरद पवार 4 बार मुख्यमंत्री रहे और उनका कुल कार्यकाल लगभग 6 साल 221 दिन यानी 2,412 दिन रहा।
शरद पवार चार बार मुख्यमंत्री बने लेकिन एक बार भी पांच साल का पूरा कार्यकाल पूरा नहीं कर पाये। इसके विपरीत फडणवीस तीन बार मुख्यमंत्री बन चुके हैं और अपने पहले कार्यकाल (2014-2019) में उन्होंने पूरा पांच वर्षीय कार्यकाल संपन्न किया। उनका दूसरा कार्यकाल छह दिनों तक चला और उनका तीसरा और वर्तमान कार्यकाल अभी जारी है, जो 12 जुलाई तक 585 दिन पूरे कर चुका है। 2014-2019 के कार्यकाल में फडणवीस के पास गृह, सामान्य प्रशासन, IT, शहरी विकास, कानून और न्याय, बंदरगाह और जनसंपर्क जैसे अहम विभाग थे। इस दौरान उन्होंने मुंबई नेक्सट, पुलिस डिजिटलीकरण परियोजना, समृद्धि एक्सप्रेसवे और छत्रपति शिवाजी महाराज कृषि सम्मान योजना जैसी प्रमुख परियोजनाओं की शुरुआत की। साल 2019 के राजनीतिक संकट के दौरान फडणवीस ने 5 दिनों के लिए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 2019 में शिवसेना, कांग्रेस और तत्कालीन अविभाजित एनसीपी के गठबंधन के बाद उनका 5 दिन का कार्यकाल रहा था। 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने 235 सीटों के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज की, जिसमें भाजपा को 132 सीटें मिलीं और फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री बने। (पेज 6 पर)
>>सबसे लंबे कार्यकाल वाले सीएम
महाराष्ट्र के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड वसंतराव नाईक के नाम है।
उन्होंने 11 साल 78 दिन यानी कुल 4,096 दिन तक सीएम पद संभाला और राज्य का नेतृत्व किया।
वहीं दूसरे स्थान पर विलासराव देशमुख हैं जिन्होंने लगभग 7 साल 129 दिन यानी 2,686 दिन मुख्यमंत्री के रूप में काम किया।
अब देवेंद्र फडणवीस 2,430 दिनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं और उनका वर्तमान कार्यकाल अभी भी जारी है।
अगर फडणवीस अपना मौजूदा कार्यकाल जारी रखते हैं, तो वह आने वाले महीनों में इस रिकॉर्ड के और करीब पहुंच सकते हैं।










