हिंगोली:हिंगोली जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए जिला पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) और वसमत ग्रामीण पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अवैध जुआ अड्डे पर छापा मारकर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वसमत ग्रामीण थाना क्षेत्र में कुछ लोग छिपकर जुआ खेल रहे हैं और पुलिस से बचने के लिए हर दिन अलग-अलग स्थानों पर घूम-घूमकर जुआ अड्डा लगा रहे हैं। सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा और वसमत ग्रामीण पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से करीब 9 लाख 79 हजार 260 रुपये का मुद्देमाल बरामद किया है। साथ ही 8 जुआरियों को मौके से हिरासत में लिया गया, जबकि कुल 10 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी, जुआ खेलने के उपकरण और अन्य सामग्री भी जब्त की है। जिले में लगातार बढ़ रही अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में खलबली मच गई है और अवैध धंधे करने वालों में पुलिस का डर देखा जा रहा है। यह पूरी कार्रवाई हिंगोली के पुलिस अधीक्षक निलाभ रोहन, अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश मीना और उपविभागीय पुलिस अधिकारी राजकुमार केंद्रे के मार्गदर्शन में की गई। स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक मोहन भोसले के नेतृत्व में एलसीबी टीम और वसमत ग्रामीण पुलिस ने संयुक्त रूप से यह छापा मारकर जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध धंधों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









