लोकवाहिनी, शहर प्रतिनिधि:नागपुर। उपराजधानी की भीषण गर्मी और झुलसाती धूप से नागरिकों को बचाने के लिए महानगरपालिका ने एक अनोखी और राहत भरी पहल शुरू की है। शहर के प्रमुख चौराहों पर अब केवल ग्रीन नेट ही नहीं, बल्कि ‘मिस्ट स्प्रिंकलर’ लगाए गए हैं, जो वाहन चालकों पर पानी की हल्की बौछारें छिड़ककर उन्हें ठंडक का अहसास कराएंगे।
ऊंचाई और नोजल: ग्रीन नेट की बल्लियों पर जमीन से 15 फीट की ऊंचाई पर दोनों तरफ 40-40 हाई प्रेशर नोजल लगाए गए हैं। इस सिस्टम को 300 लीटर क्षमता वाले वाटर टैंक से जोड़ा गया है, जिसे दिन में तीन बार भरा जाता है। यह सिस्टम चौबीसों घंटे काम करता है, जिससे सिग्नल पर खड़े वाहन चालकों को राहत मिलती है। अधिकारियों के अनुसार, ग्रीन नेट सूरज की सीधी तपन को कम करता है, जबकि हाई प्रेशर नोजल से निकलने वाली पानी की बारीक बौछारें आसपास के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट लाती हैं। तालेवर ने बताया कि नागरिकों को तपती धूप से बचाने का यह मनपा द्वारा किया गया अपनी तरह का पहला और प्रभावी प्रयास है।
सीएसआर निधि से 10 चौराहों का कायाकल्प: मनपा ने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) निधि के माध्यम से शहर के प्रमुख 10 चौराहों पर इस सिस्टम को लगाने का निर्णय लिया है। वर्तमान में टेलीफोन एक्सचेंज चौक और छापरू नगर चौक में यह स्प्रिंकलर काम करना शुरू कर चुके हैं। इसके बाद जल्द ही शंकर नगर चौक, संविधान चौक और जीपीओ चौक पर भी यह मिस्ट सिस्टम स्थापित किया जाएगा।








