तेहरान। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने रविवार को इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को कड़ी धमकी दी। संगठन ने कहा कि यदि नेतन्याहू जीवित हैं, तो उन्हें पूरी ताकत के साथ ढूंढकर मार दिया जाएगा।
यह बयान ऐसे समय आया है जब सोशल मीडिया पर नेतन्याहू की हत्या को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं। इन अफवाहों के बीच ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट ‘सिपाह न्यूज’ पर जारी बयान में नेतन्याहू को ‘बच्चों का हत्यारा अपराधी’ बताया। बयान में कहा गया, “अगर यह बच्चों का हत्यारा अपराधी जिंदा है, तो हम पूरी ताकत के साथ उसका पीछा करते रहेंगे और उसे मार गिराएंगे।”
हालाँकि, इन दावों के कुछ ही घंटों बाद इजराइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने सभी अफवाहों को खारिज कर दिया। कार्यालय ने स्पष्ट किया कि नेतन्याहू पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी हत्या से जुड़ी खबरें पूरी तरह झूठी हैं। सोशल मीडिया पर अफवाह उस समय तेज हो गई जब नेतन्याहू के एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया गया। इस वीडियो में उनके हाथ में छह उंगलियां दिखाई देने का दावा किया गया, जिसके बाद लोगों ने अंदेशा जताया कि यह वीडियो एडिट किया गया है या फिर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाया गया हो सकता है।
इसी बीच नेतन्याहू के बेटे यायर नेतन्याहू को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि उन्होंने 9 मार्च के बाद से एक्स पर कोई पोस्ट नहीं किया है और इसके पीछे किसी पारिवारिक वजह का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल, इजराइली सरकार ने साफ कर दिया है कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू सुरक्षित हैं।
ईरान ने जंग में पहली बार इजराइल पर ‘सिज्जील’ मिसाइल दागी
ईरान ने रविवार को इस जंग में पहली बार इजराइल पर ‘सिज्जील (Sejjil) बैलिस्टिक मिसाइल’ दागी। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा कि इजराइल के सैन्य और डिफेंस फैसिलिटी को निशाना बनाया गया है। यह सॉलिड फ्यूल वाली स्ट्रैटेजिक मिसाइल है, जो 2000-2500 किलोमीटर तक हमला कर सकती है। यह महत्वपूर्ण सैन्य और कमांड सेंटर्स पर सटीक हमला करने में सक्षम है।











